भास्कर न्यूज | रामगढ़ श्रीदिगंबर जैन मंदिर रामगढ़ और श्रीपारसनाथ जिनालय रांची रोड में दशलक्षण महापर्व धूमधाम से मनाया गया। दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर उत्तम क्षमा धर्म की विधि की गई। वहीं, जैन मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा में श्रीजी की प्रतिमा को नवसृजित पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा गांधी चौक, झंडा चौक क्षेत्र का भ्रमण कर मंदिर पहुंची। इस दौरान भजन गायक निलेश जैन व उनके साथियों के भजनों पर जैन धर्मावलंबी महिला पुरुष झूमते रहे। सभी धर्मावलंबियों ने श्रीजी की स्तुति करते रहे। श्रीजी की सवारी की निर्मित रजतमयी पालकी व खुले वाहन में व्रतधारियों शामिल थे। जैन समाज के सचिव योगेश सेठी ने बताया कि जिनालय में दैनिक अभिषेक व शांति धारा के पश्चात सभी व्रत धारियों का सामाजिक अभिनंदन किया गया। इस वर्ष व्रतों का अनुपालन कर सदस्यों ने गौरवान्वित किया है। उन्होंने बताया कि प्रवीण पाटनी व रेणू चूड़ीवाल ने सोलहकरण जी व्रत, पुष्पा सेठी व निशा छाबड़ा द्वारा दशलक्षण महाव्रत, जीवनमल जैन व श्रीकंता गंगवाल ने पंचमेरु के व्रत, पुष्पा अजमेरा, श्याम सुंदर जैन, हीरा जैन व निशा सेठी ने रत्नत्रय के व्रत, सुनीता पाटनी व नीलिमा गंगवाल ने धर्म तेला व्रत विधान से पूरा किया। समाज के अध्यक्ष राजेंद्र चूड़ीवाल व उपाध्यक्ष राजू पाटनी ने संयुक्त रूप से बताया कि सभी व्रतधारियों के व्रतों को सामूहिक अनुमोदना कि सम्मान समारोह व श्रीजी की शोभायात्रा के पश्चात पांडूशीला पर विराजमान कर रत्नत्रम की माल का कार्यक्रम हुआ। जिसमें अभिमंत्रित माल पहनने का सौभाग्य इंद्रमणि देवी चूड़ीवाल को प्राप्त हुआ। इसके बाद समाज के सभी सदस्यों का वात्सल्य भोज का कार्यक्रम हुआ। योगेश सेठी ने सभी सदस्यों को आभार प्रकट कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम की जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन ने दी।


