खैरथल-तिजारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने पालनहार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने बच्चों के सत्यापन और नवीनीकरण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पालनहार योजना से संबंधित 2651 बच्चों के अध्ययन प्रमाण पत्र संबंधित विद्यालयों से जारी करवाकर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी के कार्यालयों को भेजे जाएं। इससे बच्चों का सत्यापन कार्य सुनिश्चित किया जा सकेगा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को अध्ययन प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड करवाने के लिए प्रेरित करें। यह संपूर्ण कार्य 28 जनवरी 2026 तक पूरा किया जाना है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को 28 जनवरी 2026 तक शत-प्रतिशत बच्चों का नवीनीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए समस्त उपखंड अधिकारियों (SDM) को अपने कार्यालयों में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी की बैठकें आयोजित कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करवाने के लिए कहा गया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजना का लाभ पात्र बच्चों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।


