शादी के नाम पर कुवांरे और अधेड़ लोगों को ठगने का गोरखधंधा जारी है। ताजा मामला गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र का है। जहां 35 साल के कारपेंटर जसराज से शादी करने के कुछ महीने बाद ही दुल्हन रुपए-गहने लेकर फरार हो गई। पीड़ित थाने से लेकर एसपी और आईजी ऑफिस तक अपनी फरियाद लेकर गया लेकिन तीन महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहानी कुछ इस तरह की है कि डिंगाई गांव में रहने वाले जसराज को मार्च 2025 में पाली रहने वाले उसके परिचित दो लोगोंने बिहार हाल जयपुर निवासी 31 साल की एक लड़की और उसके परिवार से मिलवाया। 2 अप्रेल 2025 युवती के साथ पाली के आर्य समाज मंदिर में शादी करवाई। सबकुछ ठीक चल रहा था। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
10 दिन बाद दिए ढाई लाख
पीड़ित का आरोप है कि शादी के 10 दिन बाद उसकी पत्नी के पीहर पक्ष के लोग घर आए और आवश्यक काम के चलते ढाई लाख रुपए उधार ले गए। 4 मई को पत्नी को महंगा मोबाइल फोन दिलाया।
5 मई को बिना बताए घर से निकल गई
5 मई 2025 को वह काम पर गया था। इस दौरान उसकी पत्नी बिना बताए घर से निकल गई। कॉल किया तो पता चला कि पीहर गई है। लेकिन वापस आने का नाम नहीं ले रही थी। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी तो 23 जुलाई 2025 को वापस आई। करीब दो महीने साथ रही फिर 20 सितम्बर 2025 को फिर बिना बताए घर से चली गई। इस बार अपने साथ करीब 4 तोला सोने के गहने, 400 ग्राम चांदी के गहने भी ले गई।
जयपुर से लेकर बिहार तक ढूंढा, तो 2 बच्चों की मां निकली
पीड़ित ने बताया कि पत्नी की तलाश में वह जयपुर और बिहार तक गया और कई दिनों तक उसकी तलाश की। इस दौरान उसके बारे में जो जानकारी मिली। उससे उसके भी होश उड़ गए। जिसे वह अपनी पत्नी मानता था उसकी वर्ष 2013 में शादी हो रखी है और दो बेटे भी है।
अब न दुल्हन फोन उठा रही न शादी करवाने वाले
पीड़ित का आरोप है कि गहनों के साथ करीब साढ़े तीन लाख रुपए भी उससे लिए गए। अब न तो पत्नी वापस आ रही है और न ही रुपए ओर गहने दे रही है। शादी करवाने वाले से कहा तो कहता है कि तुम पति-पत्नी के बीच का मामला है। थाने में भी शिकायत की। एसपी ऑफिस से लेकर आईजी ऑफिस भी गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
पीड़ित ने परिवाद दिया जांच जारी है
मामले में गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्रसिंह ने कहा कि पीड़ित नवंबर में परिवाद दिया। शादी करवाने वाला मुम्बई रहता है। उसे पूछताछ के लिए बुलाया है। उसके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएंगी।


