साधना से समृद्धि की कामना लिए उमड़ा सनातन का कारवां आध्यात्मिक महामहोत्सव में साधना, यज्ञ और भैरव कथा में उमड़ी आस्था की भीड़ पाली शहर के अणुव्रत नगर में कृष्णगिरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी के सान्निध्य में आध्यात्मिक महामहोत्सव का आयोजन हो रहा है। जिसमें जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी भैरव कथा कर रहे है। इस आयोजन में सनातन संस्कृति की पौराणिक परंपराओं और आध्यात्मिक शक्ति के अद्भुत दर्शन हो रहे हैं। आयोजन के प्रारंभिक दिनों से ही श्रद्धालुओं का कारवां उमड़ पड़ा है। रविवार को भैरव पुराण कथा के दौरान जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरी महाराज ने ऋण व कष्ट निवारण के लिए दुर्लभ मंत्र साधना करवाई। उन्होंने कहा कि नकारात्मक सोच और वाणी नकारात्मकता को ही आकर्षित करती है, इसलिए सदैव सकारात्मक चिंतन और शब्दों का प्रयोग करें। ईश्वर से की जाने वाली कामनाएं भी सकारात्मक होनी चाहिए। गुरुदेव ने सर्व कष्ट निवारण के कई दुर्लभ उपाय भी बताए। इससे पूर्व महालक्ष्मी यज्ञ में काशी के पंडितों ने विशेष विधान से आहुतियां दी। यज्ञ में मनोकामना पूर्ति के लिए कई अनुष्ठान किए गए। सुबह साधना सत्र में जगद्गुरु के मार्गदर्शन में सर्व सिद्धि साधना करवाई गई, जिसमें हजारों साधकों ने अनुशासनपूर्वक लगभग तीन घंटे लगातार साधना की।


