पाली में शनिवार को एक कंटेनर असंतुलित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जाकर पलट गया। इस हादसे में ड्राइवर चोटिल हो गया। वही हाईवे की एक लेन करीब दो घंटे तक बाधित रही।
सदर थानाप्रभारी कपूराराम ने बताया कि 25 वर्षीय ड्राइवर नरेन्द्रसिंह पुत्र गोपचंद जाट गुजरात से मैगी (फास्ट फूड) से कंटेनर में भरकर हरियाणा के झज्जर में सप्लाई करने जा रहा था। पाली में हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के पास अचानक कंटेनर असंतुलित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि उस समय दूसरी लेन में आस-पास कोई वाहन नहीं चल रहा था। वरना बड़ा हादसा हो जाता। सूचना पर सदर थाना पुलिस और एलएण्डटी की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में चोटिल ड्राइवर को बाहर निकाला और बाद में क्रेन की सहायता से कंटेनर को सीधा करवाकर सड़क किनारे करवाया तब जाकर यातायात शुरू हो सका। हादसे के चलते करीब दो घंटे एक लाइन पर ट्रॉफिक बाधित रहा।


