पाली में क्रीड़ा भारती पाली की ओर से बांगड़ कॉलेज ग्राउंड में 10 जनवरी को जिलास्तरीय कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिले भर से करीब 100 टीमें हिस्सा लेगी। इसको लेकर कॉलेज ग्राउंड में 12 कोर्ट तैयार किए जा रहे है। जहां प्रतियोगिता के मैच होंगे। फाइनल मैच भी 10 जनवरी की शाम को ही खेला जाएगा। प्रतियोगिता में सभी मैच सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। पाली क्रीड़ा भारती संगठन के जिला अध्यक्ष लहरी दास वैष्णव ने बताया कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देना, बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ना है ताकि कबड्डी को ओलंपिक खेलों में शामिल किया जा सके। चार वर्गों में होंगे मैच
पाली कबड्डी प्रतियोगिता के समन्वयक भंवर चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में आयोजित किया जाएगा। जिसमें 10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष एवं 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रतियोगिता में छात्र-छात्रा एवं पुरुष-महिला वर्ग की टीमें हिस्सा लेगी। इस दौरान कुल लगभग 100 मैच खेले जाएंगे। टीम जुटी तैयारियों में
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 60 खेल शारीरिक शिक्षक एवं 40 कार्यकर्ताओं की टीम सहयोग करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पाली क्रीड़ा भारती संगठन के सभी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


