पाली जिले में रविवार को सर्दी का असर और तेज नजर आया। सुबह के समय शहर सहित आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई। ठंडी हवाओं ने सर्दी के तेवर और कड़े कर दिए। करीब 5 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवा लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही थी। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ आए लोग
सुबह-सुबह घरों से निकलने वाले लोग सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कोहरे और ठंड के चलते शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम रही और कई इलाकों में सड़कें सूनी दिखाई दीं।
तेज सर्दी से राहत पाने के लिए लोगों ने अपने-अपने तरीके अपनाए। जगह-जगह चाय की थड़ियों पर लोगों की भीड़ रही, जहां गर्म चाय का आनंद लेते हुए लोग ठंड से राहत पाने का प्रयास करते दिखे। वहीं कई स्थानों पर लोग अलाव तापते नजर आए।
जिले में अरावली की तलहटी में बसे बाली, सादड़ी, देसूरी, घाणेराव सहित आसपास के क्षेत्रों में भी सर्दी का असर शहर की अपेक्षा तेज दिखा। इन इलाकों में रात और सुबह के समय ठंड अधिक महसूस की गई। किसानों और मजदूर वर्ग को सुबह जल्दी काम पर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे भी कोहरा छाया रहा। जिससे वाहन चालक गाड़ियों की लाइट जलाकर आते-जाते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सर्दी से बचाव के लिए सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।


