पाली में बुधवार को एक ट्रक सड़क पर लहराते हुए चल रहा था। ऐसे लग रहा था कि अभी पलटते, अभी पलटते। ऐसे में पीछे कार में आ रहे एक युवक ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और कुछ मिनट बाद ही ट्रक हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। पूरा घटनाक्रम वीडियो में रिकॉर्ड हो गया। गुंदोज चौकी प्रभारी समुंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि हादसा बुधवार दोपहर को हाईवे पर डिंगाई पूल के पास हुआ। संभवत ड्राइवर को नींद की झपकी आने से या नशे में होने के कारण ट्रक लहराते हुए हाईवे पर चलने के बाद पलट गया। पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने इसका वीडियो बना दिया। जिसमें ट्रक पलटते हुए नजर आ रहा है। ट्रक पाली से गुंदोज की तरफ जा रहा था। इस दौरान यह हादसा हुआ। ट्रक में गूजी भरी हुई थी। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल हो गया। जिससे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। वही इस हादसे में हाईवे पर ट्रक में भरे कट्टे बिखर गए। जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाया और यातायात सुचारू किया।


