दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र के हींगवा गांव में बुधवार को ग्राम पंचायत की सरकारी भूमि पर कई वर्षों से हो रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दरअसल, हींगवा ग्राम पंचायत की खातेदारी भूमि खसरा नंबर 130 में दर्ज 2.53 हेक्टेयर और खसरा नंबर 5/342 की 1.27 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा पिछले लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा कर खेती की जा रही थी। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कई बार ज्ञापन दिया था। 2 जनवरी जारी किए थे आदेश सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर बार-बार हो रही शिकायतों के बाद उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए स्थानीय प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे और 2 जनवरी को जारी आदेश 3.80 हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देशों की बुधवार को पालना की गई। जहां पहुंचे अधिकारियों ने मौका मुआयना किया तो सरकारी भूमि पर सरसों व गेहूं की खेती होना पाया गया, जिसे ट्रेक्टरों से जुताई कराकर नष्ट करते हुए ग्राम पंचायत की खातेदारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। साथ ही अतिक्रमियों को दोबारा अवैध कब्जा नहीं करने की हिदायत देते हुए पाबंद किया गया। इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश मीणा, तहसीलदार हेमेंद्र मीणा, पंचायत समिति के विकास अधिकारी समेत पंचायती राज विभाग के कार्मिक और मानपुर सर्किल का पुलिस जाप्ता तैनात रहा।


