पाली में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की सूचना पर सोमवार को नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा। जिसे लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। ऐसे में मौके पर पुलिस जाप्ता बुलाया कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दरअसल, पाली शहर के विवेकानंद सर्किल के निकट कब्रिस्तान की चारदीवारी के पास सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण होने की सूचना पर सोमवार शाम को नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी बादलसिंह मेड़तिया मयजाप्ता मौके पर पहुंचे। जहां लोगों ने उन्हें अतिक्रमण हटाने से रोका और विरोध जताया। उनका कहना था कि यह कब्रिस्तान की जमीन है, सरकारी जमीन नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यहां और भी अतिक्रमण है, उन्हें अगर हटाना ही है तो सभी को हटाओ। बाद में सीओ सिटी उषा यादव मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंची। लोगों से समझाइश कर सरकारी जमीन पर हो रखे अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटाया। मामले में नगर परिषद के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी बादलसिंह मेड़तिया ने बताया कि मौके पर सरकारी जमीन पर हो रखे दो पक्के निर्माण, एक कच्चा मकान, एक टीन शेड आदि अतिक्रमण जेसीबी की सहायता से हटाने की कार्रवाई की गई।


