प्रतापगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 9 महीने से फरार चल रहे 2000 रुपए के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना रंठाजना में दर्ज प्रकरण के अनुसार, 27 मई 2024 को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आसिफ पुत्र आजाद अजमेरी के कब्जे से 7 किलो 850 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया था। पूछताछ में आसिफ ने खुलासा किया था कि यह मादक पदार्थ उसे उसके भाई मुबारिक अजमेरी ने दिया था। इस घटना के बाद से मुबारिक फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने 2000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। 16 फरवरी 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि मुबारिक अपने घर पानमोडी में आया हुआ है। थानाधिकारी हथुनिया इंद्रजीत परमार ने पुलिस अधीक्षक को सूचित कर एक टीम का गठन किया और मुबारिक (33) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।


