पाली में पुजारी को पीटकर लूट ले गए रुपए-जेवर:मंदिर में सो रहे पुजारी को बुरी तरह पीटा, दानपात्र तोड़ ले गए रुपए

पाली में मंदिर परिसर में सो रहे करीब 60 साल के वृद्ध पुजारी को पीटरकर तीन-चार बदमाश दानपात्र तोड़ उसमें पड़े करीब 30-40 हजार रुपयों सहित वृद्ध की जेब में पड़े रुपए और चांदी का कड़ा लूटकर ले गए। घायल वृद्ध को उपचार के लिए हॉस्पिटल भर्ती करवाया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। बाली पंचायत समिति के पूर्व सदस्य रामाराम देवासी ने बताया कि बाली उपखंड के कोठार के निकट लीलेश्वर महादेव मंदिर स्थित है। कोठार गांव निवासी वृद्ध जीवाराम देवासी मंदिर में पूजा-पाठ करता है। मंगलवार शाम को आरती के बाद जीवाराम मंदिर परिसर में ही सो रहे थे। देर रात को तीन-चार बदमाश आए और वृद्ध पुजारी को बुरी तरह पीटा और उनका चांदी का कड़ा, जेब में रखे 1100 रुपए लूट लिए। उसके बाद मंदिर परिसर में पड़ा दानपात्र तोड़ा और उसमें रखे करीब 30-40 हजार रुपए भी लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद वृद्ध ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इस पर वे घायल पुजारी को उपचार के लिए हॉस्पिटल ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को नाना थानाप्रभारी रतनसिंह, बेड़ा चौकी प्रभारी दौलतसिंह मयजाप्ता घटना स्थल पहुंचे और मौका मुआयना किया। उसके बाद हॉस्पिटल जाकर घायल वृद्ध पुजारी से मिल पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले में बदमाशों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *