पाली में एक बाइक देर रात को सड़क पर मवेशी से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों के शव हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पुलिस ने रखवाए और परिजनों को हादसे की सूचना दी। सदर थाने के सब इंस्पेक्टर शिवनारायण ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे सदर थाने के रूपावास गांव के पास एक बाइक के मवेशी से टकराने की सूचना पर मौके पर पहुंचे। बाइक सवार पति-पत्नी को उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बाइक सवार जालोर जिले के रामा (भाद्राजून) निवासी 30 वर्षीय गोपाल पुत्र गोमाराम मीणा को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिसकी बॉडी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाई। इस हादसे में गोपाल की 25 वर्षीय पत्नी कविता गंभीर घायल हो गई। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। जिसकी भी देर रात जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। जोधपुर हॉस्पिटल की मोर्चरी में उसकी बॉडी रखवाई गई है। 3 साल पहले हुई थी शादी
मृतक गोपाल रिश्ते के भाई प्रकाश ने बताया कि गोपाल कृषि कार्य करता था। बाड़मेर जिले के बरवा (धणा) निवासी कविता से उसकी करीब तीन साल पहले शादी हुई थी। दोनों अक्सर पाली आते रहते थे।


