पाली में एक गोदाम का ताला तोड़ चोर करीब सात-आठ लाख रुपए के सैनेटरी आइटम चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर गोदाम मालिक ने कोतवाली थाने में इसको लेकर रिपोर्ट दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मामला दर्जकर जांच शुरू की। पाली शहर के कोतवाली थाने में हाउसिंग बोर्ड निवासी रजनीश बोहरा पुत्र ओमप्रकाश बोहरा ने 3 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें बताया कि वह मंडिया रोड नाकोड़ा मार्केट स्थित श्री बालाजी एजेंसी में मैनेजर है। जिसका सेनेट्री व पाइप फिटिंग का गोदाम पाली अरबन को-ऑपरेटिव बैंक के पास स्थित है। जहां पर पाइप, सैनेटरी आदि का सामान पड़ा रहता है।
रिपोर्ट में बताया कि 26 सितम्बर की सुबह जब वह गोदाम गया तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच की तो वहां पर रखे नल व बाथरूम एसेसरीज और ब्रास से सम्बन्धित कई आइटम गायब मिले। जिनकी बाजार कीमत करीब सात-आठ लख रुपए है। जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की।


