पाली में 5वीं तक के स्टूडेंट की 8-जनवरी तक छुट्‌टी:न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पहुंचा, 6KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवा

पाली जिले में मंगलवार को भी सर्दी का असर तेज बना रहा। सुबह से ही ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया। करीब 6 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड के चलते आमजन की दिनचर्या प्रभावित होती नजर आई। बता दे कि तेज सर्दी को देखते हुए जिला कलेक्टर पाली एलएन मंत्री ने भी कक्षा 1 से 5वीं तक के स्टूडेंट की 6 से 8 जनवरी तक छुट्‌टी की घोषणा की है। जो सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू रहेगी। सुबह के समय सड़कों पर निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखाई दिए। दुपहिया वाहन चालकों को ठंड से बचाव के लिए जैकेट, स्वेटर और मफलर का सहारा लेना पड़ा। चाय की थड़ियों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ नजर आई, जहां लोग चाय की चुस्कियों के साथ अलाव तापते हुए ठंड से बचने का जतन करते रहे। सर्दी का असर जिले के गोडवाड़ क्षेत्र में भी खासा तेज रहा। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ठिठुरन अधिक महसूस की गई। खेतों की ओर जाने वाले किसान और मजदूर भी ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त कपड़े पहने नजर आए।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और ठंड का असर इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *