कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा उपखंड के मुख्य बाजार में सुभाष चौक के पास देर रात चोरों ने चार दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने छत पर बने गेट को तोड़कर सीढ़ी के सहारे दुकानों में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इन दुकानों से लाखों रुपए की नकदी और अन्य सामान चुरा लिया। सूचना मिलने पर प्रागपुरा थाना अधिकारी भजना राम मौके पर पहुंचे। FSL (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण सबूत जुटाए। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। चोरी की वारदात जिन दुकानों में हुई, उनमें केदारमल गोविंदराम जनरल एवं किराना स्टोर, केशव कुमार अनूप कुमार गर्ग कपड़ा व्यापारी, प्रमोद वस्त्र भंडार और एक ज्वेलर शॉप शामिल हैं।


