पावटा पंचायत समिति में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना 2025 एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक धनकड़ ने तीन दिव्यांगों को स्कूटी, 12 हियरिंग एड, 8 बैसाखी, दो टेट्रापोड और 20 वॉकिंग स्टिक वितरित कीं। ये उपकरण लाभार्थियों को उनके जीवन को सुगम बनाने में सहायता प्रदान करेंगे। विधायक ने दिव्यांगजनों को जीवन यापन में आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार द्वारा दिव्यांगों के कल्याण के लिए किए जा रहे विशेष प्रयासों की जानकारी दी। धनकड़ ने आमजन से भी दिव्यांगों को उपकरण उपलब्ध कराने और गरीब व असहाय वर्ग की मदद के लिए आगे आने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी भी शामिल हुए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन, उपखंड अधिकारी साधना शर्मा, विकास अधिकारी सुशील यादव सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक भी उपस्थित रहे।


