भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान संगतों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। एडवोकेट धामी ने कहा कि बीते दिन श्री अकाल तख्त साहिब पर सिंह साहिबानों की बैठक के दौरान जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया था कि इस मामले पर किसी भी तरह की राजनीति न की जाए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा बयानबाजी कर संगत को भ्रमित किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी कड़ी में वे 30 दिसंबर को दोपहर 12 बजे शिरोमणि कमेटी के मुख्य कार्यालय में मीडिया को संबोधित करेंगे। एडवोकेट धामी ने बताया कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पावन स्वरूपों के मामले में शिरोमणि कमेटी द्वारा की गई प्रत्येक कार्रवाई को दस्तावेजों और तथ्यों के साथ संगत के सामने रखा जाएगा।


