पिंकसिटी नेशनल लिटरेचर-ड्रामा फेस्टिवल का 12 दिसंबर से:3 दिन साहित्यकार, कलाकार और पत्रकार रखेंगे विचार; पोस्टर लॉन्च

गुलाबी शहर किताबों, विचारों और सृजनात्मक अभिव्यक्तियों के एक बड़े महाकुंभ का गवाह बनने जा रहा है। पिंकसिटी प्रेस क्लब, पीपुल्स मीडिया थिएटर और राजस्थान साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में पिंकसिटी नेशनल लिटरेचर ड्रामा फेस्टिवल 2025 का आयोजन 12, 13 और 14 दिसंबर को पिंकसिटी प्रेस क्लब, जयपुर में किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन साहित्य, पत्रकारिता, नाटक, कला, संस्कृति और समसामयिक मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजन का पोस्टर लॉन्च किया गया। फेस्टिवल में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार और पत्रकार शिरकत करेंगे, जिनमें वरिष्ठ साहित्यकार अशोक वाजपेयी, नंदकिशोर आचार्य, भानु भारती, ओम थानवी, पुष्पा माई, डॉ. सुरेश दैमन (लंदन), कथक गुरु चरण गिरधर चांद (सिंगापुर), शायर लोकेश कुमार सिंह साहिल, सहित लगभग 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय लेखक, रचनाकार और पत्रकार शामिल होंगे। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, लोकनाथ गुर्जर, कवि दिनेश नागर, रंगकर्मी प्रेरणा शर्मा, कवि नवल पांडे, सिनेमाकार संतोष व्यास, चिंतक भगवान कृपलानी, डॉ. एल.एल. शर्मा, अनूप सिंह, हेमंत शर्मा, रचना शर्मा, कविता मुखर, सहित अनेक युवा रचनाकार और कलाकार मौजूद रहेंगे। संवाद और अभिव्यक्ति का मंच इस फेस्टिवल में साहित्य, पत्रकारिता, राजनीति, आदिवासी चिंतन, शिक्षा, पर्यावरण, लोकनाट्य, अर्थशास्त्र और कला से जुड़े विषयों पर 15 सत्रों में चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। फेस्टिवल में मुशायरा, काव्य गोष्ठी, ओपन माइक, संगीत संध्या, रंगमंचीय नाटकों का भी आयोजन होगा। प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा ने बताया कि इतिहास में पहली बार प्रेस क्लब में ऐसे बड़े साहित्यिक आयोजन की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल का उद्देश्य युवा सर्जकों और पत्रकारों को मंच देना, साहित्य और पत्रकारिता के संबंधों को मजबूत करना और पत्रकारिता के सामने आने वाली एआई चुनौतियों पर गंभीर चर्चा करना है। फेस्टिवल डायरेक्टर अशोक राही ने कहा कि यह आयोजन किसी विचारधारा या समूह का नहीं, बल्कि खुले मंच पर संवाद, अभिव्यक्ति और समाज में घटती बहस की संस्कृति को पुनर्जीवित करने का प्रयास है। फेस्टिवल में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा और सभी आयु वर्गों के लिए खुला रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *