सिरोही पिंडवाड़ा तहसील में गड़ीया से पिंडवाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण का कार्य पिछले दो महीनों से ठप पड़ा है। इससे क्षेत्र में लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य रतन देवी रावल ने उपखण्ड अधिकारी पिंडवाड़ा को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत इस सड़क का कार्य 22 सितंबर को नवरात्रि के शुभारंभ पर शुरू हुआ था। कुछ समय चलने के बाद यह पूरी तरह बंद हो गया। सड़क पर डाला गया कंक्रीट और बजरी का अधूरा पड़ा मलबा दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इस फैले हुए मलबे के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें लोग चोटिल हुए हैं। यह मार्ग मालवा का चौराहा, देवला, बेकरिया, क्यारी, मोरस, मालेरा, घरट, गड़ीया और कांटल सहित कई गांवों से पिंडवाड़ा तक हजारों लोगों के दैनिक आवाजाही का मुख्य जरिया है। कार्य बंद होने से ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिला परिषद सदस्य ने उपखण्ड अधिकारी से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग और ठेकेदार को निर्देश देकर सड़क निर्माण कार्य तत्काल फिर से शुरू करवाया जाए। साथ ही, सड़क पर पड़े मलबे को समतल करवाकर साफ किया जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। जिला परिषद सदस्य ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उन्हें मजबूरन कार्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठना पड़ेगा। इस दौरान पूर्व सरपंच रमेश रावल मालेरा, पूनम सिंह, लालाराम गरासिया, सोनाराम मीणा, झालाराम, रामाराम और दलपत गरासिया सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।


