राजसमंद के चारभुजा थाना क्षेत्र के सेवंत्री गांव में चोरों सूने मकान से कैश के अलावा मिक्सर, प्रेस सहित करीब एक लाख रुपए का सामान चुरा ले गए। पीड़ित ललित (33) पुत्र प्रेमशंकर सेवक ने बताया- वो महाराष्ट्र के मुम्बई में नौकरी करते है और उनका मकान सेवंत्री स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के पीछे बना हुआ है। 5 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और तीन कमरों के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया। 6 दिसंबर को उनके भतीजे कृष्णा राजपुरोहित ने मुम्बई फोन पर सूचना दी कि मकान के ताले टूटे हुए हैं और कमरों का सामान अस्त व्यस्त पड़ा है। चोरी की बाद की स्थिति का वीडियो भी वॉट्सऐप पर भेजा गया। इसके बाद ललित 7 दिसंबर को मुंबई से सेवंत्री पहुंचे, जहां कपाट और पेटियों के ताले टूटे मिले और समान बिखरा हुआ था। ललित के अनुसार- कपाट के लॉकर में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपए नकद गायब थे। इसके अलावा चोर मिक्सर, प्रेस, 7-8 भारी रजाइयां, कपड़े, बड़े बर्तन और अन्य सामान भी ले गए। कुल मिलाकर करीब 1 लाख रुपए का नुकसान हुआ।घटना के बाद पुलिस ने 6 दिसम्बर को मौका मुआयना किया था। वही ललित की ओर से पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट भी पेश कर दी गई। जानकारी के अनुसार- गांव में एक अन्य मकान में भी चोरी हुई, जबकि दो मकानों के ताले तोड़े गए पर नुकसान कम हुआ। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।


