भास्कर इनसाइट प्रशासन के प्रचार-प्रसार व अपील के बावजूद बच्चा चोरी के अफवाह में मॉब लिंचिंग की घटनाएं हो रही हैं। रविवार को भी पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया में एक घटना हुई। काशीझरिया पोस्ट ऑफिस के पास विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर कहकर लोगों ने मारपीट की। हालांकि सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा पुलिस की एक गश्ती टीम मौके पर पहुंची और जख्मी विक्षिप्त महिला को भीड़ से निकालकर थाना ले गई। महिला का थाना में इलाज कराने के बाद भोजन भी कराया गया और उससे पूछताछ करने में जुटी है। लेकिन वह सही से जवाब नहीं दे पा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि विक्षिप्त महिला पिछले कई दिनों से पिंड्राजोरा इलाके में घूम रही थी और वह होटलों से खाना मांगकर खाती थी। रविवार को विक्षिप्त महिला काशीझरिया पोस्ट ऑफिस के पास थी, तभी कुछ युवक पहुंचे और उसे बच्चा चोर कहने लगे। हालांकि विक्षिप्त महिला इसका विरोध भी नहीं कर रही थी, ऐसे में लोगों ने उसे थप्पड़ से मारना शुरू कर दिया। किसी थाने में केस नहीं लेकिन अफवाह जारी बच्चा चोरी की अफवाह से बोकारो में अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई है। अफवाह रोकने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन कई प्रयास कर रही है। रील्स बनाकर भी सोशल मीडिया के जरिए अपील की जा रही है, बावजूद अफवाहों का बाजार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। महिलाएं अपने बच्चों को खेलने के लिए भी घर के बाहर स्थित मैदान में जाने से रोक रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी बच्चे के अपहरण की प्राथमिकी किसी भी थाना में दर्ज नहीं हुई है।


