पिकअप एवं बाइक की टक्कर में तीन की मौत:बलरामपुर में लड़की देखकर लौट रहे बाइक सवार हुए हादसे का शिकार

बलरामपुर जिले में कुसमी-राजपुर मुख्यमार्ग पर चिरई घाट में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। तीनों रविवार दोपहर बाइक से शादी के लिए लड़की देखकर शंकरगढ़ लौट रहे थे। हादसे में तीनों सवारों के सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आईं। घटना शंकरगढ़ थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शंकरगढ़ थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटना, जिगमा निवासी खेलसाय नगेशिया (25) एवं भंडारी नगेशिया (65) अपने एक अन्य युवक चांदो थानाक्षेत्र के कोटपाली निवासी फुलसाय नगेशिया (27) के साथ बाइक में सवार होकर शादी के लिए लड़की देखने के लिए सामरी थानाक्षेत्र के सबाग गए थे। वे रविवार सुबह वापस शंकरगढ़ लौट रहे थे। पिकअप से हुई भिड़ंत, तीनों की मौके पर मौत
कुसमी-शंकरगढ़ मुख्यमार्ग पर चिरई घाट में तेज रफ्तार में बाइक एवं पिकअप में भिड़ंत हो गई। घटना के दौरान बाइक एवं पिकअप दोनों की रफ्तार तेज थी। बाइक सवारों को सामने से आता देखकर पिकअप क्रमांक सीजी 15 डीएम 9308 के चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार में बाइक का चालक बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और बाइक सीधे पिकअप से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों उछलकर सड़क में गिर गए। सिर एवं सीने में आई गंभीर चोट के कारण तीनों की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर शंकरगढ़ पुलिस एवं यातायात की टीम मौके पर पहुंची। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। तेज रफ्तार के कारण हादसे
राजपुर-कुसमी मार्ग में तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। शंकरगढ़ थानाक्षेत्र का चिरई घाट पहले भी ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *