धौलपुर पुलिस ने पिकअप वाहन चोरी के एक मामले में एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई पिकअप बरामद कर ली गई थी। यह कार्रवाई निहालगंज थानाधिकारी अमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने बताया कि निहालगंज थाना क्षेत्र के निवासी रामअवतार राठौर (26) पुत्र गिरबर राठौर, राठौर कॉलोनी, जी.टी. रोड, धौलपुर ने 24 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी पिकअप गाड़ी को अज्ञात चोरों ने उनके घर के सामने से चुरा लिया था। इस संबंध में निहालगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की गई पिकअप को बरामद कर लिया था। इस मामले में पहले ही कुल्हड़ उर्फ पतंगा नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
19 जनवरी को इस प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी इरफान (35) पुत्र फिरोज, निवासी नदरई, थाना कोतवाली, जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


