श्री ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के मंडोरा एवं परिहार गौत्र सम्मेलन मेले का दो दिवसीय आयोजन सोमवार को अग्रसेन वाटिका में विधिवत शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में समाज के दोनों गोत्रों के समाजबंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाज सचिव कंवरलाल मंडोरा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर मंथन किया गया।
सोमवार सुबह 8 बजे हवन-पूजन यज्ञ का आयोजन हुआ। पंडित जगदीश दवे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई। यज्ञ में समाजबंधुओं ने परिवार सहित आहुतियां अर्पित कर कुलदेवी गाजण माताजी से समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
हवन-पूजन के बाद सभी भक्त बसों के माध्यम से धर्मधारी स्थित गाजण माताजी के दर्शन के लिए रवाना हुए।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रास-गरबा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें समाजबंधुओं ने सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान आयोजक समिति अध्यक्ष विजयराज मंडोरा सहित जेठमल, रामलाल, सुनील, विपुल, कन्हैयालाल, घेवरचंद, प्रकाश, ललित, हुक्मी, देवी, मनीषा सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।


