जोधपुर शहर में फिलहाल ठंड का असर जारी रहने का अनुमान है। आने वाले दो से तीन दिनों में जोधपुर जिले में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके चलते कोहरा और ठंड बढ़ने का अनुमान है। शहर में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते करीब 15 दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आस पास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अब आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती हैं। शहर में धुंध की चादर भी छाने की संभावना है। बता दें कि प्रदेश में 26 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे जनवरी के आखिरी दिनों में तापमान में गिरावट रहने की संभावना है। वहीं विभाग के मुताबिक 22 से 24 जनवरी तक राज्य के कुछ हिस्सों में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाएंगे। बूंदाबांदी या बौछारें गिर सकती हैं, मावठ की स्थिति भी बनेगी। जोधपुर में एक दिन पहले सोमवार की बात की जाए तो दिन के समय धूप का असर देखने को मिला। इससे ठंड का असर कम हुआ। इससे न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री चढ़कर 10.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो जनवरी औसत (9.6) से 0.8 डिग्री ज्यादा था। दोपहर में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री लुढ़ककर 26.8 डिग्री रहा, जो औसत (25.1) से 1.7 डिग्री ऊपर है। मंगलवार को भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।


