पटना | पटना के बड़े झुमरपारा तिराहा पर बुधवार को धान बेचने के लिए गिरजापुर खरीदी केंद्र जा रहे युवक को पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क किनारे जा गिरा, जबकि उसकी बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई। हादसे के बाद पिकअप चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। वह बाइक को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया और फिर मौके से फरार हो गया। इस दौरान हादसे में डुमरिया निवासी नंदलाल (पिता हीरालाल राजवाड़े) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका बायां पैर टूट गया है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल नंदलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया।


