पिकअप में बने गुप्त चेंबर में छिपाया था 60 किलो गांजा, तस्कर गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। थाना कुकदूर पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 60 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 8.15 लाख रुपए आंकी गई है। पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्री के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। 7 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि एक नीले रंग का पिकअप वाहन कवर्धा से शहडोल (मप्र) की ओर जा रहा है। वाहन में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। सूचना मिलते ही थाना कुकदूर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी। वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक- सीजी 17 केएल 4453 आता दिखा। पुलिस ने उसे रोका और चालक से पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम दुलबो बिसोई (21) निवासी संदूबली जिला कोटापुर (ओडिशा) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को डाला के नीचे बने गुप्त चेंबर में गांजे के 12 पैकेट मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यह गांजा विद्याधर बत्रा निवासी चांदनी (ओडिशा) से मिला था। इसे शहडोल (मप्र) पहुंचाने के बदले उसे 15,000 रुपए मिलने थे। एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *