छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव के रेवाडीह की सामान्य परिवार की बेटियों ने बास्केटबॉल के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्राएं अदिति और अंजली कोडापे ने 68वीं जूनियर राष्ट्रीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को कांस्य पदक दिलाया है। बतादें कि इनकी मां घरों में काम करती हैं और पिता ड्राइवर हैं। तीन साल पहले बास्केटबॉल की शुरुआत करने वाली अदिति ने अपनी यात्रा रेवाडीह मिडिल स्कूल के मैदान से शुरू की। अंतरराष्ट्रीय कोच कालवा राजेश्वर राव और राधा राव से ट्रेनिंग लेकर अदिति ने न केवल खुद को निखारा, बल्कि अपनी बहनों अंजली और पावनी को भी इस खेल से जोड़ा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल अदिति ने पहले ही साल में अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद CBSE WSO टीम में चयन होने पर राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया। तीनों बहनों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते। अदिति और अंजली ने कटक में CBSE क्लस्टर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, और इंदौर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खेलो इंडिया बास्केटबॉल अकादमी के लिए हुईं चयनित इन उपलब्धियों के बाद दोनों बहनों का चयन खेलो इंडिया बास्केटबॉल अकादमी के असेसमेंट कैंप के लिए हुआ है। वे 22 से 24 जनवरी 2025 तक पटियाला में आयोजित होने वाले इस कैंप में हिस्सा लेंगी। यह उपलब्धि न केवल रेवाडीह, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। पिता ड्राइवर, मां घर-घर बनाती है खाना बतादें कि इनकी मां घरों में काम करती हैं और पिता ड्राइवर हैं। ये परिवार अनुसूचित जनजाति से आता है और आर्थिक रूप से कमजोर है। इस परिवार की बेटियों का पूरा खर्च राव दंपति उठाते हैं, जबकि इन बच्चों को दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव द्वारा निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके अलावा, रेवाडीह के प्राइमरी और मिडिल स्कूल के बच्चों को भी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव और राधा राव द्वारा निःशुल्क ट्रेनिंग दी जाती है। इन बहनों की इस उपलब्धि ने रेवाडीह वार्ड को गर्वित किया है। मिडिल स्कूल रेवाडीह के प्रधान अध्यापक अनूप राम कंवर, अनिल कौशिक, वार्ड पार्षद गामेन्द्र नेताम, पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव, उज्जवल कासर, खेल प्रेमी और वार्ड के अन्य गणमान्य नागरिकों ने इनको और उनके परिवार को बधाई दी है।


