पिलानी में शुक्रवार को वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत भाजपा की विशेष बैठक आयोजित हुई। गुलाबराय स्मृति भवन में शाम 6 बजे आयोजित बैठक में भाजपा सीकर के पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी मुख्य अतिथि थे। बैठक के संयोजक जिला महामंत्री सरजीत चौधरी थे जबकि अध्यक्षता भाजपा नेता राजेश दहिया ने की। मुख्य अतिथि विष्णु चेतानी ने वक्फ सुधार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि संगठन वक्फ सुधार जन जागरण अभियान 2025 को देशभर में शुरू कर रहा है। इसका उद्देश्य इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है। चेतानी ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक 2025 कमजोर वर्ग और मुस्लिम महिलाओं को लाभ पहुंचाएगा। यह विधेयक विरासत और व्यक्तिगत संपत्तियों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा। भाजपा नेता राजेश दहिया ने कहा कि वक्फ को लेकर गलत नैरेटिव फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विधेयक मुस्लिम समुदाय के हित में ही लाया गया है। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सिंह शेखावत ने किया। बैठक में नरेंद्र गिरधर, विकास स्वामी, सज्जन कोठारी, ओमप्रकाश सोनी, होशियार शर्मा, सरोज श्योराण, जय सिंह मांठ, मुरली मनोहर शर्मा, सुरेन्द्र सोनी, विजय हलवाई सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


