प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्म दिवस के उपलक्ष में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत शनिवार को पिलानी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिलानी में भाजपा पिलानी मंडल के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन में मुख्य अतिथि जिला महामंत्री राजेश दहिया और विशिष्ट अतिथि आईपीएस दीपक पारीक व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज मान सिंह श्योराण थे। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत ने की। सीएचसी पिलानी में सुबह 10 बजे रक्तदान शिविर का शुभारंभ नगर निकाय जिला संयोजक मुरली मनोहर शर्मा व पिलानी मंडल अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह शेखावत ने किया। शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान शिविर के साथ ही अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच की गई और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में पिलानी नगर मंडल विधानसभा क्षेत्र के सभी 6 मंडलों में अव्वल रहा है। शनिवार को पिलानी में कुल 60 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया, वहीं चिड़ावा शहर मंडल द्वारा 42 और चिड़ावा ग्रामीण मंडल द्वारा 20 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। इससे पहले 19 सितम्बर को विधानसभा क्षेत्र के पीपली में डुलानिया मंडल द्वारा 36, देवरोड़ मंडल द्वारा 56 और मंड्रेला मंडल द्वारा 20 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया था। झुंझुनूं जिले में 19 व 20 सितम्बर को मंडल स्तर पर आयोजित शिविर में भी पिलानी नगर मंडल के कार्यकर्ता रक्तदान में अव्वल रहे हैं।


