पीआरटीसी डिपो बरनाला में कार्यरत बस कंडक्टर ने घर में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि उसने पीआरटीसी में काम कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों से तंग आकर आत्महत्या की है। पुलिस ने चार लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का पर्चा दर्ज कर लिया है। जानकारी देते हुए पुलिस स्टेशन सदर के जांच अधिकारी अमरनाथ ने बताया कि पुलिस ने पीआरटीसी डिपो बरनाला के सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह, चीफ इंस्पेक्टर लुधियाना हरप्रीत सिंह, चीफ इंस्पेक्टर बरनाला सुखपाल सिंह और सब इंस्पेक्टर संगरूर पीआरटीसी दलजीत सिंह पर पर्चा दर्ज किया है। मृतक हाकम सिंह के बेटे अनमोल सिंह ने उनके पास बयान दर्ज करवाए थे कि उसके पिता कई दिनों से ड्यूटी जाने के लिए तैयार नहीं थे। जब उन्होंने पूछा कि ड्यूटी क्यों नहीं जा रहे तो उसने बताया कि यह सभी अधिकारी उसे परेशान करते हैं और रुपयों की मांग करते हैं व साथ ही कहते हैं कि अगर रुपए न दिए तो उसके खिलाफ रिपोर्ट बना देंगे। इससे उसकी नौकरी चली जाएगी। इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। इस मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई करें और आरोपियों को गिरफ्तार करें।


