भास्कर न्यूज |लुधियाना पक्खोवाल रोड स्थित ठाकुर कॉलोनी में 1500 गज क्षेत्र में बने पंजाब के पहले श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण मंदिर का शुभारंभ वीरवार को भव्य हवन और यज्ञ के साथ किया जाएगा। गुरु हरि प्रेम स्वरूप स्वामी जी ने बताया कि इस मंदिर की शुरुआत 2019 में हुई थी और अब यह पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। यह मंदिर गुजरात और दिल्ली के बाद पंजाब में बनने वाला पहला स्वामीनारायण मंदिर है। मंदिर की स्थापना के अवसर पर शुक्रवार को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक 80 जोड़ों द्वारा हवन-यज्ञ किया जाएगा। इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेंगे और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। ब्रह्मस्वरूप हरि प्रसाद स्वामी जी महाराज का सपना था कि पंजाब में भी स्वामीनारायण मंदिर की स्थापना हो, और अब यह सपना साकार हो गया है। इस मंदिर का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की रक्षा, हिंदू संस्कृति की रक्षा, युवाओं को सही दिशा देना, माता-पिता की सेवा और सम्मान को बढ़ावा देना,धर्म की रक्षा और प्रचार-प्रसार करना है। प्रतिष्ठित मूर्तियों की स्थापना इस मंदिर में निम्नलिखित देवी-देवताओं की भव्य मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी: भगवान स्वामीनारायण, राधा-कृष्ण, सीता-राम, शिव-शंकर, हनुमान जी इसके साथ ही, हर रविवार को इस मंदिर में सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें संतों और श्रद्धालुओं का विशेष प्रवचन और भजन-कीर्तन होगा।


