रविवार सुबह हुई बरसात में 220 केवी नारायणगढ़ से 66 केवी खंडवाला को आने वाली लाइन पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे लाइन के बड़े टावर के जंपर उड़ गए। वहीं ट्रांसफार्मर की डिस्क पंक्चर हो गई और बिजली घर के अंदर फ्यूज भी उड़ गए। इससे खंडवाला बिजली घर से जुड़े 3 दर्जन इलाकों की बिजली बंद हो गई। जानकारी मिलते ही प्रोटेक्शन एंड मेंटेनेंस के एसएसई इंजीनियर जगजीत सिंह बिजली घर पहुंचे। एसएसई इंजीनियर ने जांच की और नारायणगढ़ बिजली घर से सर्किट टू से करीब 1 बजे बिजली चालू हो सकी। इसके बाद 2 बजे ट्रांसकों विभाग की मेंटेनेंस टीम ने बिजली बंद करवाई और टूटे जंपर को जोड़ने का काम शुरू किया। परंतु कर्मचारियों ने बिना लाइन की पेट्रोलिंग किए जंपर जोड़ दिए और शाम साढ़े 5 बजे बिजली चालू करने की कोशिश की, लेकिन फॉल्ट के कारण बिजली नहीं आ सकी। आखिर में दूसरे सर्किट के माध्यम से लोगों को बिजली सप्लाई दी गई। इससे खंडवाला बिजली घर से चलने वाले, जीटी रोड, संधू कालोनी, भल्ला कॉलोनी, कबीर पार्क, मोहनी पार्क, कोट खालसा, जंडपीर, हकीमा गेट, इंडस्ट्रीज इस्टेट, दशमेश एवेन्यू, काले रोड, घनूपुर, गुरु नानकपुरा, एसमा, पुतली घर का कुछ भाग, सदर बाजार, खालसा कॉलेज, जीएनडीयू समेत अन्य इलाकों की बिजली 9 घंटे तक बंद रही। आखिर शाम 6 बजे करीब 9 घंटे बाद बिजली आई और लोगों से राहत की सांस ली।


