मंडला में शनिवार को पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने ग्राम चौगान में नवनिर्मित रानी महल व्यू, फारेस्ट व्यू और फार्म व्यू होम स्टे का शुभारंभ किया। प्राचीन ऐतिहासिक रामनगर के नजदीक बने ये होम स्टे पूरी तरह ग्रामीण परिवेश में आदिवासी संस्कृति के आधार पर बनाये गए हैं। इन्हें प्रदेश सरकार के सहयोग से ग्रामीण टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि होम स्टे के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को रोजगार मिलेगा। होम स्टे में आने वाले नागरिक यहां के प्राचीन इतिहास, संस्कृति, किले देख सकेंगे। साथ ही पर्यटक आदिवासी संस्कृति के लोकनृत्य, लोकगीत, पूजा-पाठ, बोली-भाषा, रीति-रिवाज, परंपराएं से अवगत होंगे। उन्हें ग्रामीण परिवेश के तहत खेती करना, फसल काटना, बुआई करने के बारे में जानकारी मिलेगी। मंत्री ने कहा कि होम स्टे चौगान बहुत शानदार और ऐतिहासिक प्रयास है, जो कि जिले में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। पहले मंडला जिले में आने वाले पर्यटक कान्हा राष्ट्रीय पार्क में जंगल घूमकर चले जाते थे। अब चौगान में स्थित होम स्टे पर्यटकों को आदिवासी संस्कृति और ग्रामीण परिवेश से रूबरू कराएगी। जिससे आदिवासी संस्कृति और ग्रामीण परिवेश की पहचान देश-विदेश में फैलेगी। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि होम स्टे के माध्यम से मंडला जिले में आदिवासी संस्कृति और ग्रामीण परिवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। ग्रामीणों को होम स्टे के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। होम स्टे में आने वाले पर्यटक प्राकृतिक वातावरण, वन, ग्रामीण परिवेश में शांतिपूर्वक समय बिता सकेंगे। होम स्टे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक पहल है, जिससे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके पूर्व मंत्री संपतिया उइके के आगमन पर उनका आदिवासी परंपरागत लोकनृत्य, लोकगीत, ढोल-मंजीरे और कलश यात्रा निकालकर उनका स्वागत किया गया। आयोजित कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत, जयदत्त झा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, एसडीएम घुघरी आकिप खान सहित अन्य जन प्रतिनिधियों को माटीशिल्प और गमछा भेंट कर स्वागत किया गया।


