भास्कर न्यूज | जशपुरनगर/नारायणपुर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य अभियंता एवं राज्य गुणवत्ता समीक्षक हरिओम शर्मा ने कुनकुरी विकासखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन और मेन्टेन्स कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हरिओम शर्मा ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, घटिया सामग्री या अनावश्यक देरी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तकनीकी मापदंडों के अनुसार समय सीमा में पूरे किए जाएं और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। मुख्य अभियंता ने कुंजारा–बारोटोंगरी से डोगाअम्बा मार्ग (3.12 किमी), बनकोम्बो–कुनकुरी और रायकेरा–बोड़ोकछार मार्गों का विशेष निरीक्षण किया। हरिओम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता सीधे ग्रामीणों के जीवन स्तर, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी है। निरीक्षण में अधीक्षण अभियंता सोहन चन्द्र, कार्यपालन अभियंता सानुज कुमार घृतलहरे और अन्य विभागीय अधिकारी व ठेकेदार उपस्थित रहे।


