गुना शहर के जगनपुर में स्थित पीएम आवास कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। यहां नगरपालिका द्वारा मल्टी बनवाई गई है। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए। फायरिंग करने के वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो बदमाश फायरिंग करते दिख रहे हैं। कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बता दें कि जगनपुर में नगरपालिका द्वारा पीएम आवास मल्टी का निर्माण कराया गया है। यहां LIG और MIG फ्लैट बनाए गए हैं। इसी इलाके में ही SDM कार्यालय और तहसील है। तात्या टोपे यूनिवर्सिटी भी यहीं पर संचालित हो रही है। वहीं जजों के बंगले और परिवार न्यायालय का निर्माण भी इसी इलाके में होना है। पीएम आवास मल्टी में कुछ फ्लैट्स में परिवार रहने भी पहुंच गए हैं। रविवार देर रात यहां दो बदमाशों ने फायर कर दिए। फायरिंग की आवाज सुनकर यहां के रहवासी दहशत में आ गए। सभी अपने फ्लैट्स से बाहर निकल आए, तब तक बदमाश भाग चुके थे। फायरिंग की यह घटना CCTV में भी कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि दो बदमाश सड़क पर हैं। एक बदमाश फायर करने के बाद दूसरा राउंड गन में भरता है और फिर एक हवाई फायर करता है। वहीं एक दूसरे बदमाश के हाथ में भी हथियार दिख रहे हैं। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। रहवासियों का कहना है कि यह इलाका काफी पॉश हो गया है। कई सरकारी दफ्तर, संस्थाएं, स्कूल यहां पर हैं। इसलिए यहां एक पुलिस चौकी खुलना चाहिए, क्यों की पहले भी यहां पर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।


