झालावाड़ के राजकीय पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन स्नातक (यूजी) प्रथम सेमेस्टर के उन विद्यार्थियों की फीस वापसी की मांग को लेकर था, जिन्हें वेटिंग लिस्ट कन्फर्म न होने के कारण प्रवेश नहीं मिल सका। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बताया कि यूजी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। नियमानुसार, वेटिंग लिस्ट वाले विद्यार्थियों ने भी अपनी फीस जमा कर दी थी। हालांकि, प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कई विद्यार्थियों की वेटिंग लिस्ट क्लियर नहीं हो पाई, जिससे उनका कॉलेज में दाखिला नहीं हो सका। प्रिंसिपल को दिया ज्ञापन
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रवेश न मिलने के बावजूद लंबे समय से इन विद्यार्थियों की फीस कॉलेज या संबंधित विभाग की ओर से वापस नहीं की गई है। इस कारण आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलेज परिसर में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रिंसिपल को एक ज्ञापन भी सौंपा। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्यार्थियों के खातों में फीस रिफंड नहीं की गई, तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में जिला संयोजक रवि मेघवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह राठौड़, ललित नागर, हर्षित जैन, प्रियांशु पाटीदार, शिखर हाडा, उत्कृष्ट कश्यप, इन्द्र सिंह, अजय कुमार और विकास मेहर सहित कई छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


