भास्कर न्यूज | जशपुरनगर राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक मोर दुआर-साय सरकार महाभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू इस विशेष अभियान का उद्देश्य ऐसे सभी ग्रामीण परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, जिन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभ नहीं मिला है। जशपुर जिले में कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में ग्राम स्तर पर व्यापक सर्वेक्षण का कार्य जारी है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने जनपद पंचायत जशपुर के ग्राम बालाछापर में पहुँचकर अभियान में भाग लिया। उन्होंने स्वयं हितग्राहियों के घर जाकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और आवास योजना के अंतर्गत पात्रता की जानकारी जुटाई। सीईओ ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उन्हें न केवल प्रधानमंत्री आवास योजना, बल्कि शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अभिषेक कुमार ने आवास प्लस 2.0 एप्लिकेशन के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की जानकारी अपलोड की और उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बालाछापर गांव में 20 से अधिक परिवारों के घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य संपन्न किया।


