पीएम आवास, स्वनिधि योजना की समीक्षा:आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, कलेक्टर ने कहा-निर्माण शुरू न करने पर होगी कार्रवाई

बूंदी कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरपालिकावार आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति प्रस्तुत की गई और लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। कलक्टर गोदारा ने पीएम आवास योजना फेज-2 के तहत प्राप्त कुल आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों को प्राथमिकता देते हुए जल्द स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि लाभार्थियों को समय पर आवास निर्माण का लाभ मिल सके।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई लाभार्थी किश्त जारी होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्वनिधि योजना के लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर भी चर्चा की गई। गोदारा ने संबंधित बैंकों और नगरपालिका अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाकर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।उन्होंने नगरपालिकावार लक्ष्य निर्धारित करने और इन्हें शत-प्रतिशत अर्जित करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि योजना से संबंधित सभी आवेदन नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। पिंक टॉयलेट और स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा जिला कलक्टर ने बैठक में पिंक टॉयलेट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट न्यूनतम कार्यप्रणाली तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण जैसी शहरी स्वच्छता व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी भी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र मीणा सहित विभिन्न नगरपालिकाओं के अधिशाषी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *