अजमेर में प्रधानमंत्री का जन्मदिन यूथ कांग्रेस के द्वारा बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया गया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए अग्रसेन स्कूल चौराहे पर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया। यहां बेरोजगार युवाओं द्वारा पोहा, वेज बिरयानी, आलू के पराठे और छाछ बनाने का प्रशिक्षण लिया। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भाषण में युवाओं को सालाना एक करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद 11 वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो रोजगार के अवसर पैदा किए गए और ना ही युवाओं की आवाज सुनी गई। लाखों युवा ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, आईटीआई और डिप्लोमा की डिग्रियां लिए बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। शिक्षा संस्थानों से निकलने वाले युवाओं को इस क्षेत्र से संबंधित रोजगार उपलब्ध होना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार इस और पूरी तरह असफल रही है। बुधवार को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा है। लेकिन यूथ कांग्रेस की ओर से अजमेर में प्रधानमंत्री का जन्मदिन बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और छात्रों ने विरोध स्वरूप पोहा, पराठे और छाछ बनाकर सरकार की नीतियों पर करारा जवाब दिया। युवा कांग्रेस पदाधिकारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश का युवा नौकरियों के बजाय केवल जुमले सुनने को मजबूर है।


