जामताड़ा साइबर पुलिस ने पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुरीडीह से पकड़े गए आरोपियों की पहचान माजिद अंसारी और फिरोज अंसारी के रूप में हुई है। एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपियों से एक लाख दो हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और एक पैन कार्ड भी जब्त किए गए हैं। झारखंड, गुजरात और यूपी के लोगों से करते थे ठगी आरोपी झारखंड के साथ-साथ गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोगों को भी अपना शिकार बनाते थे। ये लोगों को पीएम किसान योजना के तहत राशि दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


