फरीदकोट में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बेअदबी की घटनाओं में सख्त सजा के लिए लोगों की भावनाओं के मुताबिक ही नया कानून बनाया जाएगा। इसके लिए 10-11 जुलाई को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कानून के लिए प्रस्ताव पास किया जाएगा। शनिवार को फरीदकोट जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए विधानसभा स्पीकर संधवां ने कहा कि पंजाब में बेअदबी एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। लोगों की भावनाओं के अनुसार सरकार का भी फैसला है कि किसी भी धर्म की बेअदबी करने वाले सख्त सजा मिले। विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया इसको ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार द्वारा नए कानून का प्रस्ताव पारित करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। एक सवाल के जवाब में विधानसभा स्पीकर ने कहा कि हालांकि पिछले समय के दौरान भी बेअदबी की घटनाएं सामने आई हैं। लेकिन सरकार की सख्ती के चलते हर घटना के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान स्पीकर संधवां ने गांव चंदबाजा ने आंगनवाड़ी सेंटर की नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन भी किया। नए कानून में सख्त सजा का होगा प्रावधान विधानसभा स्पीकर संधवां ने कहा कि बेअदबी की घटना में पहले के कानून में काफी कम सजा का प्रावधान है और नए कानून को सख्त सजा का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कानूनी माहिरों द्वारा प्रस्ताव का प्रारूप तैयार किया जा रहा है और लोगों की भावनाओं के अनुसार ही कानून बनाया जाएगा।


