भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के तेवरों और प्रधानमंत्री के वक्तव्य को लेकर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में जब देश के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर बहस हो रही थी, तब राहुल गांधी पूरी मजबूती और तथ्यों के साथ सरकार को आईना दिखा रहे थे, जबकि प्रधानमंत्री कायरता का परिचय देते नजर आए। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उस दिन राहुल गांधी पूरी तरह फायर थे, लेकिन प्रधानमंत्री जवाब देने से बचते दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का भाषण देश और जनता की समस्याओं के समाधान पर केंद्रित नहीं था, बल्कि वह केवल राजनीतिक बयानबाज़ी तक सीमित रहा। “भाषण था, लेकिन समाधान नहीं था,” उन्होंने कहा। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री के वक्तव्य पर सवाल उठाते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि यह भाषण राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़ा होना चाहिए था, लेकिन ऐसा लगा मानो प्रधानमंत्री संसद को नहीं, बल्कि भाजपा के किसी राजनीतिक मंच को संबोधित कर रहे हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण में भावनाएं तो थीं, लेकिन तथ्यों का घोर अभाव था। बेरोज़गारी, महंगाई, किसानों की बदहाली और सामाजिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रधानमंत्री पूरी तरह मौन रहे।


