लोहरदगा|विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक एवं मार्गदर्शक मंडल के सदस्य स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी ने अपनी छोटी बहन की असमय मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मार्मिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना ने उन्हें भीतर तक तोड़ कर रख दिया है और यह क्षति जीवन भर न भरने वाला घाव बनकर रह जाएगी। स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी ने कहा कि बचपन से उन्होंने अपनी छोटी बहन को गोद में उठाकर, खेलाकर और स्नेह से बड़ा किया था। वह उन्हें अपने माता-पिता से भी अधिक मानती थी। माता-पिता के देहांत के बाद बहन पूरी तरह भावनात्मक रूप से उन्हीं पर आश्रित हो गई थी। उन्होंने कहा कि आज जब बहन के घर जाने की कल्पना करते हैं, तो मन कांप उठता है कि वहां जाकर क्या देखेंगे। वह बहन चौबीसों घंटे उनके लिए खड़ी रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन और बहनोई के परिवार की आजीविका का कोई विशेष साधन नहीं था। स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी ने कहा कि यह दुख उनके लिए शब्दों से परे है और इसे व्यक्त करना असंभव है।


