डूंगरपुर| प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के प्रभावी संचालन व स्कूली बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिछीवाड़ा ब्लॉक में विद्यालय संस्था प्रधानों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी आबूलाल मनात व अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जयंत जोशी के निर्देशन में किया गया। इसमें संस्था प्रधानों को खाद्य फोर्टीफिकेशन, भोजन व तेल की निर्धारित मात्रा, बेहतर भंडारण एवं उपयोग, फोर्टिफाइड चावल के प्रयोग और पीएम पोषण योजना में किए गए नवीन प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। ब्लॉक परियोजना अधिकारी मुकेश शर्मा ने बताया कि मिड-डे मील का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों को पौष्टिक व संतुलित आहार सुनिश्चित करना भी है । प्रशिक्षण को रोचक बनाने के लिए खेल आधारित गतिविधियों का सहारा लिया गया। प्रशिक्षण में चावल, आटा, नमक, तेल एवं दूध के फोर्टीफिकेशन, एनीमिया एवं बच्चों में खून की कमी की रोकथाम के प्रभावी उपायों पर भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण दल में मास्टर ट्रेनर मोहित जोशी, दिनेश नागरवाल, विजय पाटीदार, शैलेश पालीवाल, संजय राव, शैलेन्द्र चौहान व मुकेश शर्मा ने बैच वार प्रशिक्षण संचालित किया। इस दौरान ब्लॉक एमडीएम प्रभारी शांतिलाल होता और योगेश यादव का विशेष सहयोग रहा।


