प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत जिले में कई कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। ओंकारेश्वर में प्रभारी मंत्री का दौरा रद्द हो गया, लेकिन सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक नारायण पटेल सुबह 8 बजे ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग पहुंचे और मंदिर परिसर व ब्रह्मपुरी घाट पर स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाई। सांसद पाटिल ने स्वच्छता सेवा दूतों को सम्मानित किया। इसके बाद वृद्धा आश्रम पहुंचे और वृद्धजनों का सम्मान कर आशीर्वाद लिया। ओंकारेश्वर के बाद सांसद पाटिल पुनासा के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने हेल्थ चेकअप शिविर में भाग लिया। इसके साथ ही नगर परिषद पुनासा द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी शिरकत की। नर्मदानगर में ब्लड डोनेशन कार्यक्रम नर्मदानगर में एनएचडीसी परियोजना क्षेत्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर इस अभियान में योगदान दिया। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत पुनासा में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। फ्री जांच और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिले के सभी सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। पुनासा में आज स्वास्थ्य मेला सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य व पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर समय पर सेवाएं देना है। मातृ व शिशु स्वास्थ्य सुधारना, किशोरियों में पोषण व एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी लक्ष्य है। स्वास्थ्य शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, एनीमिया, सिकल सेल रोग जैसी बीमारियों की जांच की जा रही है। साथ ही क्षय रोग व कुष्ठ रोग जैसे संचारी रोगों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, यूरिन जांच, एल्ब्युमिन प्रोटीन, एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस बी व सिकल सेल जैसी जटिल बीमारियों की जांच कराई जा रही है।


