भास्कर न्यूज | जामताड़ा केन्द्रीय विद्यालय संगठन, रांची क्षेत्र द्वारा आयोजित 54वीं क्षेत्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025 का आयोजन उत्साह के साथ बुधवार को संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, जामताड़ा के 17 छात्रों ने भाग लेकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने रोप स्किपिंग, शतरंज, बैडमिंटन और क्रिकेट जैसे विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र संजय मुर्मू ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रोहित मरांडी और करन मुर्मू ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आशुतोष और प्रतीक हेंब्रम ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की। खास बात यह रही कि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से पांच छात्रों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। विजेता छात्रों को पदक और प्रमाणपत्र देकर िकया सम्मानित विद्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार गुप्ता ने विजेता छात्रों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। इस सफलता के पीछे खेल शिक्षक श्री मंगल मरांडी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने छात्रों को न केवल तकनीकी कौशल सिखाया, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी तैयार किया। विद्यालय की इस उपलब्धि से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी खेलों के प्रति रुचि दिखाएंगे। यह सफलता विद्यालय के लिए एक प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण क्षण है।


