लुधियाना| पीएयू एम्प्लॉयज यूनियन के वर्ष 2026–28 कार्यकाल के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यूनियन के चुनाव 27 फरवरी 2026 को कराए जाएंगे। इस संबंध में 2 फरवरी 2026 को पीएयू परिसर स्थित पॉल ऑडिटोरियम में यूनियन की जनरल बॉडी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रस्ताव जनरल बॉडी के समक्ष रखे। यूनियन के जनरल सेक्रेटरी मनमोहन सिंह ने पिछले दो वर्षों के कार्यकाल की रिपोर्ट प्रस्तुत की, साथ ही यूनियन के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी सदन के सामने रखा गया। कर्मचारियों ने रिपोर्ट और खातों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की, जिनका यूनियन नेतृत्व की ओर से जवाब दिया गया। जनरल बॉडी के समक्ष रखे गए प्रस्तावों में यूनियन के संविधान के अनुसार 27 फरवरी 2026 को चुनाव कराने का प्रस्ताव शामिल था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके अलावा असिस्टेंट रजिस्ट्रार जगजीत सिंह को इलेक्शन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि यूनियन की सदस्यता फीस 100 रुपए ही रहेगी। प्रस्ताव के अनुसार, केवल पीएयू लुधियाना में कार्यरत कर्मचारी ही यूनियन के सदस्य बन सकेंगे और उन्हें ही मतदान का अधिकार होगा। यूनियन के प्रधान बलदेव सिंह वालिया ने सभी प्रस्ताव जनरल हाउस के समक्ष रखे, जिन्हें कर्मचारियों ने हाथ खड़े कर मंजूरी दी। बैठक के दौरान उठाए गए सवालों के जवाब भी प्रधान द्वारा दिए गए। यूनियन नेतृत्व ने कर्मचारियों से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक तरीके से अपने प्रतिनिधियों का चयन करने की अपील की।


