भास्कर न्यूज | लुधियाना शिवा जी नगर इलाके में एक विवाहित महिला द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला अपने पति और देवर के साथ किराए के मकान में रह रही थी। मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय शीला देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। पांच वर्षों से वह परिवार सहित शिवा जी नगर में रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार शीला घरों में काम करके परिवार की आर्थिक मदद करती थी, जबकि उसका पति दिलखुश एक फैक्ट्री में काम करता है। दंपती के तीन बच्चे हैं—दो बेटियां और एक बेटा। बताया जा रहा है कि देर रात महिला ने कमरे में चुन्नी के सहारे फंदा लगा लिया। जब घटना का पता चला तो आसपास के लोगों ने तुरंत उसके पति को सूचना दी। पति ने पुलिस को खबर दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति ने उसे फंदे से नीचे उतार लिया था। पत्नी की हालत देखकर वह मौके पर ही बिलख पड़ा। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस महिला का मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लेकर कॉल डिटेल और मैसेज की पड़ताल कर रही है।


